इलाहाबाद (प्रयागराज) केवल नदियों का संगम नहीं, बल्कि क्रांति, वैचारिक चेतना और जन-आंदोलनों का जीवंत प्रवाह है। यहाँ की मिट्टी में एक अजीब-सा आकर्षण और ज़िद्दी अलख है। जब तक यह शहर शांत रहता है, तब तक ज्ञान, साहित्य और गंगा-जमुनी तहज़ीब की छांव में खिलखिलाता है; लेकिन जब यहाँ के प्रयागराजियों का स्वाभिमान जगता है, तो यह धरती सत्ता के बड़े से बड़े गलियारों की नींव हिला देती है।
यहाँ के हर मोड़ और चौराहे पर क्रांति की कहानियाँ दर्ज हैं। 1942 का ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ हो या चंद्रशेखर आजाद का अल्फ्रेड पार्क में लड़ा गया संग्राम—इलाहाबाद ने हमेशा अपनी जान हथेली पर रखकर इंकलाब का झंडा बुलंद किया है। यहाँ की हवाओं में यह खासियत है कि यह साधारण छात्र को भी व्यवस्था के खिलाफ बिगुल फूंकने की ताकत दे देती है।
इलाहाबादियों के आंदोलन की तासीर ही अलग है—जब यहाँ का नौजवान, किसान और छात्र किसी अन्याय या पेपर लीक जैसी धांधली के खिलाफ सड़क पर उतरता है, तो फैसला लेकर ही लौटता है। हाल ही में 25 तारीख को बच्चों और युवाओं का जो सैलाब सड़कों पर उमड़ा, उसने एक बार फिर साबित कर दिया कि जब देश के भविष्य (छात्रों) के हक पर आंच आएगी, तो प्रयागराज चुप नहीं बैठेगा। भीषण बारिश और पुलिसिया बैरिकेड्स की परवाह किए बिना सिविल लाइंस से लेकर पत्थर गिरजाघर तक गूंजती उन युवा आवाज़ों ने पूरे देश का ध्यान खींचा।
जब-जब व्यवस्था के नाम पर छात्रों और आम जनता के अधिकारों पर कुठाराघात करने की कोशिश की गई, तब-तब यहाँ के तीखे तेवरों ने हुक्मरानों को झुकाया है। आंदोलन का उरूज ऐसा होता है कि जब इलाहाबादी अपनी ज़िद पर आ जाएं, तो तथाकथित ‘धर्म प्रधानों’ और व्यवस्था के मठाधीशों को भी अपने पदों से इस्तीफा देकर पीछे हटना पड़ता है। यहाँ की क्रांति किसी पाखंड को स्वीकार नहीं करती; यहाँ न्याय ही सबसे बड़ा धर्म माना जाता है।
“यह संगम की वो पावन धारा है, जहाँ क्रांति का हर रंग निखरा है। जब-जब उठी यहाँ स्वाभिमान की ललकार, तख्त छूटे, और हर दंभ बिखरा है।”
इलाहाबाद की धरती को नमन है, जिसने देश को न केवल साहित्य और कला के अनमोल रत्न दिए, बल्कि यह भी सिखाया कि जब युवाओं और जन-आंदोलन का सैलाब आता है, तो बड़े-बड़े सिंहासन और पद-प्रतिष्ठा के अहंकार बह जाया करते हैं।







